कुरुक्षेत्र। जिले की अनाज मंडियों में धान खरीद का सीजन रविवार को समाप्त हो जाएगा। खरीद के अंतिम दिन भी हैफेड की ओर से धान की खरीद जारी रखी जाएगी।
विज्ञापन
इस बार जिले में कुल 9 लाख 7 हजार 829 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है, जो पिछले साल के मुकाबले करीब एक लाख मीट्रिक टन कम है। पिछले खरीद सीजन में जिले में करीब 10 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया था।
शनिवार को खरीद सीजन समाप्त होने से एक दिन पहले मंडियों में किसानों और आढ़तियों की चहल-पहल बनी रही। इस दौरान 5,959 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई, जबकि पिछले वर्ष इसी दिन 214 मीट्रिक टन धान खरीदा गया था। हालांकि, खरीद प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही मंडियों में धान की आवक भी कम होने लगी है।
खरीद का निर्धारित समय पूरा होने के बाद अब प्रशासन और खरीद एजेंसियों का ध्यान मंडियों में शेष धान के उठान पर है। अधिकारियों के अनुसार, खरीदे गए धान में से करीब 98 प्रतिशत का उठान हो चुका है, जबकि शेष दो प्रतिशत धान का उठान कराया जाना बाकी है। संबंधित एजेंसियों को उठान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मंडियों में खुले में पड़ा धान जल्द उठाया जा सके और स्थान खाली हो।