कुरुक्षेत्र। जिले में धान खरीद का सीजन संपन्न हो गया है। इस बार पिछले साल के मुकाबले 87 हजार 803 मीट्रिक टन (एमटी) धान की खरीद कम हुई है। हालांकि, खरीद के अंतिम दिन रविवार को भी मंडियों में 5230 एमटी धान खरीदा गया। पिछले साल सीजन के अंतिम दिन महज 301 एमटी धान की खरीद हुई थी। सरकार की ओर से धान खरीद की अंतिम तारीख 15 नवंबर निर्धारित की गई थी।
विज्ञापन
इस बार पूरे सीजन के दौरान जिले की मंडियों में कुल नौ लाख 13 हजार 59 एमटी धान की खरीद हुई, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 10 लाख 862 एमटी था। इस तरह इस बार खरीद में पिछले सीजन की तुलना में 87 हजार 803 एमटी की कमी दर्ज की गई। खरीदे गए धान के उठान की बात करें तो अब तक 99 प्रतिशत यानी नौ लाख दो हजार 781 एमटी धान का उठान हो चुका है। वहीं, किसानों को फसल के बदले 2195 करोड़ 68 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।