कुरुक्षेत्र। जिला कोर्ट परिसर में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 19,911 मामलों में से 16,785 का मौके पर निपटारा किया गया। इसमें नौ करोड़ 64 लाख पांच हजार 276 रुपये के मुआवजे के आदेश विभिन्न आपराधिक, एनआई एक्ट, बैंक रिकवरी, मोटर वाहन, श्रम से संबंधित विवाद मामले, राजस्व सहित अन्य मामलों में पारित करते हुए निपटारा किया गया है। इस दौरान पूरे दिन अदालत में फरियादियों की लंबी-लंबी लाइनें लगी दिखाई दीं।
राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निपटान करने के लिए जिला न्यायालय परिसर कुरुक्षेत्र, उपमंडल पिहोवा व शाहाबाद में बैचों का गठन किया गया था।
इनमें जिला व सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल, विवेक सिंगल, प्रिंसिपल जज, जिला फैमिली कोर्ट अरविंद कुमार, एडिशनल सत्र जज डॉ. मोहिनी, सीजेएम गिरराज सिंह, सिविल जज स्मृति, ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास भारत, ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास पिहोवा पल्लवी ओझा, सब डिविजनल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट शाहबाद डॉ. मोहिनी, सिविल जज स्मृति ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास आदि की बेंच गठित की गईं। इसके अलावा ट्रैफिक चालान के मामले इन कोर्ट की ओर से निपटाए गए और चेक बाउंस के मामले गिरराज सिंह, सिविल जज (जुनियर डिवीजन) की ओर से निपटाए गए हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव व सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने बताया कि प्री-लिटिगेशन के 15,318 में से 14,970 मामलों में दो करोड़ 39 लाख 53 हजार 10 रुपये का मुआवजा जारी करते हुए मामले निपटाए गए। इनमें बैंक रिकवरी के 61 में से 61 मामलों में 21 लाख 66 हजार 260 रुपये, राजस्व के सभी 3,123 मामलों को निपटाया गया। अन्य 12,134 मामलों में 11,786 मामलों को निपटाते हुए दो करोड़ 17 लाख 86 हजार 750 रुपये का मुआवजा जारी किया है। सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि यह राष्ट्रीय लोक अदालत त्वरित, लागत-प्रभावी और सौहार्दपूर्ण न्याय सुनिश्चित करने में प्रभावी रही।
कुरुक्षेत्र। लोक अदालत में मामलों की सुनवाई करते जज। संवाद- फोटो : samvad
कुरुक्षेत्र। लोक अदालत में मामलों की सुनवाई करते जज। संवाद- फोटो : samvad