कुरुक्षेत्र। जिले में व्यावसायिक गैस सिलिंडर की सप्लाई ठप होने के कारण रसोई गैस के लिए भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को भी ऑनलाइन सेवाएं ठप रहीं और एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लाइनें लगी रहीं। मैनुअल बुकिंग करने में एजेंसी कर्मियों को भी परेशानी हुई।
हालांकि कई एजेंसियों पर स्थिति सामान्य रही तो कई पर उपभोक्ताओं की लाइन एजेंसी खुलने से पहले ही लगने लगी। देर शाम तक उपभोक्ता कभी एजेंसी तो कभी गोदाम तक दौड़ लगाते रहे। इसी बीच पांच हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं की मैनुअल बुकिंग भी एजेंसियों पर की गई। वहीं उन्हें गैस सिलिंडर भी मिले। उनकी न बुकिंग हो पाई और न ही सिलिंडर मिल पाया। परेशान उपभोक्ताओं में महिलाएं व बुजुर्ग भी शामिल रहे।
शटर खुले तो उमड़ी भीड़
शहर में जिस एजेंसी ने वीरवार को शटर बंद कर दिए थे, वे आज सुबह ही खुल गए लेकिन घंटों तक उपभोक्ताओं को लाइन में लगना पड़ा। हालांकि लोगों की दोपहर तक ही ज्यादा भीड़ रही जिसके बाद स्थिति सामान्य होने लगी। इसी बीच गैस की कालाबाजारी की भी चर्चाएं आम होने लगी हैं, जबकि प्रशासन का दावा है कि अभी कालाबाजारी की एक भी शिकायत नहीं मिली है। प्रशासन की ओर से यह भी दावा किया जा रहा है कि गैस की कोई कमी नहीं है।
दावों तक सिमटे अधिकारी व एजेंसी संचालक
प्रशासनिक अधिकारी व एजेंसी संचालक गैस पर्याप्त होने के दावों तक ही सिमटे हुए हैं लेकिन बुकिंग सिस्टम बंद होने पर कोई संतोषजनक जवाब उपभोक्ताओं को नहीं मिल रहा। सिर्फ यही कहा जा रहा है कि बुकिंग में परेशानी पीछे से ही है, इसमें उनकी कोई भूमिका नहीं है। ऐसे में उपभोक्ताओं को इस परेशानी से कब छुटकारा मिल पाएगा, यह बड़ा सवाल है।
आठ दिन से भटक रहे, सिस्टम बंद होने का मिल रहा जवाब : संजय
एजेंसी पर बुकिंग करवाने पहुंचे ज्योतिनगर के संजय ने कहा कि वे पिछले आठ दिन से गैस के लिए परेशान हैं। न ऑनलाइन बुकिंग हो रही है और न ही एजेंसी पर कोई जवाब मिल पा रहा है। सिर्फ यह बताया जा रहा है कि सिस्टम बंद है। यह समस्या कब निपटेगी, यह भी पता नहीं।
जिनके घर गैस पाइप लाइन, वे भी सिलिंडर लेने दौड़ रहे
गैस एजेंसी संचालक रणधीर सिंह ने कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है लेकिन लोगों के बीच अफवाह ज्यादा है। ऐसे में जिनके घरों में पाइप लाइन से सप्लाई है, वे भी सिलिंडर लेने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। जिनके पास घर में पर्याप्त गैस है वे भी और सिलिंडर जमा करने में लगे हैं। लोग धैर्य रखें तो स्थिति भी सामान्य होगी। ऑनलाइन बुकिंग में ही परेशानी है जिसके कारण एजेंसियों पर मैनुअल बुकिंग और उसके बाद सिलिंडर सप्लाई भी की जा रही है। कई एजेंसियों के बाहर भी सिलिंडरों से भरी गाड़ियां खड़ी की गई हैं।
व्यावसायिक की जगह घरेलू गैस का उपयोग
कई एजेंसी संचालकों ने कहा कि व्यावसायिक गैस सप्लाई बंद है जिसके कारण उनकी जगह पर घरेलू गैस का प्रयोग किया जाने लगा है। इससे मांग बढ़ी है और एजेंसियों पर भीड़ लगने लगी है।
बाबैन। रसोई गैस के सिलेंडर की बुकिंग के लिए लाइनों में खड़े लोग।
बाबैन। रसोई गैस के सिलेंडर की बुकिंग के लिए लाइनों में खड़े लोग।
बाबैन। रसोई गैस के सिलेंडर की बुकिंग के लिए लाइनों में खड़े लोग।