कुरुक्षेत्र। भीषण गर्मी को देखते हुए जिले भर के सभी राजकीय व निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। 30 जून तक बालवाटिका से लेकर 12वीं कक्षा तक के सभी विद्यार्थियों के लिए ग्रीष्मकालीन छुट्टियां घोषित की गई हैं। उत्तर भारत में लगातार गर्मी के रिकॉर्ड टूट रहे हैं और नौतपा के चलते लू एवं गर्म हवाएं परेशानी का सबब बनी हुई है, जिसके चलते विभाग की ओर से अवकाश घोषित किया गया है। लू के चलते शिक्षा विभाग ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निजी व सरकारी स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं कि सभी विद्यालयों को 30 जून तक बंद रखा जाए।
शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों को होमवर्क देने के भी आदेश दिए गए हैं कि ऑनलाइन कक्षा ग्रुप में ग्रीष्मकालीन छुट्टियां का होमवर्क भेजा जाए ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रह सकें। हीट वेव से बचाव के लिए पहले विभाग द्वारा पत्र जारी किया गया और स्कूल के समय में भी बदलाव किया गया था। लेकिन नौतपा के चलते बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए ही करनी पड़ी। अब विद्यार्थी एक जुलाई से ही स्कूलों में लौटेंगे।
शिक्षक अभी भी स्कूलों में निरंतर आ जा रहे हैं। दाखिलों के चलते शिक्षक ग्रीष्मकालीन छुट्टियों में भी स्कूलों में आएंगे। इसमें अलग-अलग दिन अलग शिक्षकों की ड्यूटियां लगाई जाएंगी। 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम हाल ही में आया था, जिसके चलते 11वीं कक्षा में दाखिला प्रकिया अभी चल रही है। मनपसंद संकाय में दाखिले लेने के लिए कई विद्यार्थी स्कूल बदल रहे हैं तो कई स्कूलों में मनचाहे विषय न मिलने पर भी विद्यार्थी स्कूल बदल रहे हैं। ऐसे में एक स्कूल से दूसरे स्कूल में दाखिल होने के लिए कईं ऐसे दस्तावेज की आवश्यकता होती है जो केवल स्कूल से ही मिल पाते हैं। दाखिला प्रक्रिया के चलते स्कूलों में शिक्षक मौजूद रहेंगे।