कुरुक्षेत्र। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को शनिवार सुबह सवा नौ बजे सुंदरपुर रेलवे पुल के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक और युवती के शव बरामद हुए।
मृतकों की पहचान सिरसा के ढुकड़ा गांव निवासी सुभाष (32) और फतेहाबाद जिले के ईशर ढाणी निवासी तारावती (29) के रूप में हुई। दोनों आपस में ननदोई और सरहज थे। पिछले तीन वर्षों से उनके बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
जीआरपी जांच अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल से सल्फास की गोलियां बरामद हुईं, जिससे प्रतीत होता है कि दोनों ने आत्महत्या के लिए सल्फास खाया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल भेजा गया, जहां से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के सटीक कारण की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक सुभाष के पिता भानीराम ने बताया कि सुभाष की एक बेटी (10 वर्ष ) और एक बेटा (9 वर्ष) है, जबकि तारावती के दो बेटे पांच और 10 वर्ष के हैं। सुभाष गांव में गोलगप्पे की रेहड़ी लगाता था, लेकिन पिछले दो महीनों से घर पर बेरोजगार था। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों पहले भी कई बार आत्महत्या की कोशिश कर चुके थे, और पंचायत स्तर पर उन्हें कई बार समझाया गया था।