कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए बीटेक बायोटेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम में सीधे प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संस्थान ने 40 सीटों पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक विद्यार्थी 30 जून की रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रवेश सूचना के अनुसार 10+2 में भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान अनिवार्य विषयों के साथ जीवविज्ञान या बायोटेक्नोलॉजी में से किसी एक विषय से उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन के पात्र होंगे। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है, जबकि पहली मेरिट सूची 6 जुलाई को जारी होगी। प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। यूआईईटी प्रशासन ने बताया कि बीटेक बायोटेक्नोलॉजी रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम है, जिसमें आधुनिक प्रयोगशालाओं और व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योगों और शोध क्षेत्र के लिए तैयार किया जाता है। इच्छुक विद्यार्थी संस्थान की वेबसाइट पर जाकर विस्तृत प्रवेश विवरण और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।