कुरुक्षेत्र। गत बुधवार को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुआ बदमाश हरविंद्र सिंह अभी लोकनायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन है, जहां शनिवार को उसका ऑपरेशन हुआ। अभी पुलिस उसे गिरफ्तार भी नहीं कर पाई है लेकिन उसे पहरे में रखा गया है। हालांकि पुलिस पहले उसे गिरफ्त में लेने व अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की योजना बना चुकी थी, ताकि पूरे राज उगवाए जा सके लेकिन उसका जख्म अभी भर नहीं सका है। ऐसे में शनिवार को ऑपरेशन करवाया गया।
पुलिस का कहना है कि बदमाश को रिमांड पर लेकर कई राज उगलवाने हैं, जिसमें इसे हथियार उपलब्ध करवाने वाला, इसको मौका वारदात से भगाकर ले जाने वाला और रंगदारी किससे मांगनी थी आदि का पता लगाया जाएगा। फिलहाल इसे हिरासत में लेकर प्राथमिक तौर पर ही बयान ही दर्ज किए जा सके हैं। सीआईए इंस्पेक्टर मोहन लाल का कहना है कि जब अस्पताल से छुट्टी मिलेगी तभी गिरफ्तार किया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हरविंद्र सिंह लाडवा में एक शराब ठेके पर अपने एनआरआई दोस्त के कहने पर गत मंगलवार को गोलीबारी करने की फिराक में घूम रहा था। लेकिन शराब ठेकेदार के सुरक्षा में तैनात कर्मी ने उसे फायरिंग करने से पहले ही उसकी कोशिश नाकाम कर दी। सुरक्षा कर्मी उसे पकड़ने के लिए भी दौड़ा पर वह अपने घात लगाए दोस्त के साथ कार में बैठकर मौके से भाग निकलने में कामयाब हो गया था। इसके बाद पुलिस ने गुप्त सूचना पर उसे लाडवा के बाकली गांव से मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया।