कुरुक्षेत्र। जिले भर के 25 निजी अस्पतालों के चिकित्सक आयुष्मान योजना का भुगतान नहीं होने से नाराज हैं। इसलिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर अस्पताल संचालकों व चिकित्सकों ने सोमवार को रोष जताया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ ऋषिपाल गुप्ता के मुताबिक निजी अस्पतालों को किए जाने वाले भुगतान में अनदेखी किए जाने पर ही 14 घंटे तक आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाली तमाम सुविधाओं को बंद करने का ऐलान किया गया है। आयुष्मान योजना के तहत अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीज दोपहर दो बजे तक ओपीडी ठप होने से भटकते रहे। योजना के तहत हर अस्पताल में हर रोज कई मरीज पहुंचते हैं।
जानकारी के अनुसार प्रदेश भर में करीब 600 निजी अस्पताल आयुष्मान योजना के तहत सरकारी पैनल पर मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। जबकि जिले में इन अस्पतालों की संख्या 25 से अधिक है। प्रदेश के अस्पतालों का करीब 500 करोड़ व जिले के अस्पतालों का 20 करोड़ से ज्यादा का भुगतान सरकार की ओर अटका हुआ है। यह भुगतान जारी करने को लेकर आइएमए कई बार सरकार से गुहार लगा चुकी है लेकिन अभी तक आश्वासन ही मिला है। डॉ ऋषिपाल गुप्ता ने बताया कि आठ जनवरी को भी एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी और उस दौरान भी भरोसा ही मिला था। हालांकि सरकार ने करीब 20 फीसदी भुगतान किया लेकिन बकाया आज भी अटका हुआ है। अगला फैसला एसोसिएशन की ओर से लिया जाएगा।
नहीं मिला इलाज, कल फिर आएंगे
पिपली रोड स्थित निजी अस्पताल में इलाज के लिए दीदार नगर से पहुंचे परमजीत सिंह का कहना था कि वे अपने पिता को लेकर पहुंचे थे लेकिन यहां आने पर पता चला कि योजना के तहत बनवाए कार्ड का लाभ नहीं मिल पाएगा। उन्हें अपने खर्च पर ही इलाज कराना पड़ेगा। इन पर कितना खर्च आएगा, यह भी अभी पता नहीं है, क्योंकि कई प्रकार की बीमारी से ग्रस्त है। अब कल फिर आना पड़ेगा।