कुरुक्षेत्र। थानेसर अनाजमंडी में शनिवार को खरीद बंद रही जबकि सुबह से देर रात तक सिर्फ उठान किया गया। रविवार को भी खरीद बंद रहेगी और उठान पर ही जोर रहेगा, जिसके बाद सोमवार को फिर से खरीद शुरू की जाएगी।
अनाजमंडी में अब तक 90 हजार एमटी से ज्यादा धान की आवक हो चुकी है, जिसमें से 70 हजार 580 एमटी धान की खरीद की जा चुकी है, इसमें से शनिवार को ही 20 फीसदी धान का उठान किया गया जबकि मंडी में अब तक 42 फीसदी धान का उठान किया जा चुका है। जिले की अनाजमंडियों में अब तक 380075 एमटी धान की खरीद की जा चुकी है तो वहीं 38 फीसदी एक लाख 45 हजार 680 एमटी धान का उठान किया जा चुका है।
शनिवार को ही 33595 एमटी धान का उठान किया गया। मार्केट कमेटी सचिव हरजीत सिंह का कहना है कि प्रशासनिक तौर पर आढ़ती व राइस मिलर्स एसोसिएशन के साथ बैठक में ही दो दिन खरीद बंद रखने और महज उठान करने का फैसला लिया गया था। शनिवार को किए गए उठान का मंडी में बड़ा असर दिखाई दिया और रविवार को भी उठान के बाद मंडी के हालात सामान्य हो जाने की उम्मीद है। शनिवार को 250 से ज्यादा ट्रक लोड किए गए।