जिला कुरुक्षेत्र तेजी से कोरोना मुक्ति की ओर अग्रसर हो रहा है। जिले में अब महज 17 एक्टिव केस ही बचे हैं। इनमें से 11 मरीजों को सामान्य लक्षण होने पर होम आइसोलेट किया गया है, जबकि छह मरीज विभिन्न अस्पतालों में दाखिल हैं। जिला सिविल सर्जन डॉ. संत लाल वर्मा का कहना है कि जिले में पॉजिटिव केसों की रिकवरी में लगातार सुधार हो रहा है। रिकवरी रेट भी 98.32 फीसदी तक पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक लिए गए 431599 में से 408623 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। कुरुक्षेत्र में अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों पर आरटीपीसीआर और रैपिड एंटीजन के कुल 1344 सैंपलों की रिपोर्ट में से मात्र एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई है और अब तक 22082 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। इनमें से अब तक 21711 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। कुरुक्षेत्र में 354 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मृत्यु हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के अनुसार गांव रुवा पिहोवा में बनाए गए कंटेनमेंट और बफर जोन क्षेत्र से निजात दे दी गई है, लेकिन कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को अभी भी पूरी सतर्कता बरतनी होगी और सोशल डिस्टेंस, मास्क लगाने के नियमों का पालन करना होगा।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न वैक्सीनेशन सेंटर और शिविर में सोमवार को छह हजार 18 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लगाई गई। इनमें से 3393 को पहली और 2665 को दूसरी डोज लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग अब तक जिले में 3 लाख 44 हजार 515 को कोरोना वैक्सीन की डोज लगा चुका है। इनमें से 2 लाख 79 हजार 840 को पहली और 64 हजार 675 को दोनों डोज लगाई जा चुकी है। यह जानकारी उप सिविल सर्जन एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. अनुपमा सिंह ने दी।