कुरुक्षेत्र। पवित्र ब्रह्मसरोवर तट पर 28 नवंबर को शुरू होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में महज एक सप्ताह शेष है, लेकिन अभी तक न मुख्य कार्यक्रम तय हो पाए हैं और न हीं मुख्यातिथि। यहां तक कि पांच दिसंबर से 11 दिसंबर तक होने वाले मुख्य आयोजन में धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई लेकिन किन कलाकारों द्वारा कौन सी विधा पेश की जाएगी, यह अभी तक तय नहीं हो पाया है।
यही नहीं महोत्सव में वीआईपी से लेकर नामचीन कलाकारों के आने को लेकर भी अभी तक कौतूहल बना हुआ है। इसी बीच कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की ओर से दावा किया जा रहा है कि जल्द ही ये सभी कार्यक्रम व कलाकारों के आगमन के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। बता दें कि महोत्सव को लेकर कुरुक्षेत्र ही नहीं पूरे प्रदेश व विभिन्न राज्यों के लोगों में उत्साह बना हुआ है, जिसके चलते पिछले वर्ष की तरह इस बार भी पर्यटकों की भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है लेकिन इस बार न केवल महोत्सव की तैयारियां देर से शुरू हुईं बल्कि अभी तक मुख्य कार्यक्रम, वीआईपी व नामचीन कलाकारों के आगमन का तय न हो पाना पयर्टकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। उधर पिछले एक सप्ताह से महोत्सव के चलते संबंधित अधिकारियों की बैठकों का दौर चला हुआ है। उधर केडीबी मानद सचिव उपेंद्र सिंघल का कहना है कि इसी सप्ताह सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।
ब्रह्मसरोवर को चमकाने का काम जारी
महोत्सव के चलते ब्रह्मसरोवर व आसपास के एरिया को चमकाने का कार्य भी जारी है। जहां ब्रह्मसरोवर की सभी सदरियों से लेकर घाटों की भी रंगाई-पुताई की गई तो वहीं आसपास की सड़कें भी चकाचक की जा रही है। पार्किंग एरिया के साथ-साथ ब्रह्मसरोवर को जोड़ने वाली सभी सड़कों पर संबंधित विभाग की ओर से कार्य किए जा रहे हैं।