थाना शाहाबाद एरिया में गाड़ी पर नीली बत्ती लगाकर पिकअप के चालक पर गोली चलाकर उससे 50 हजार रुपये छीनने के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सागर पुत्र कुलदीप राज वासी जलबेड़ा रोड जिला अंबाला के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दिनांक 31 जुलाई 2020 को विशाल ठाकुर पुत्र बिलेंद्र सिंह वासी गांव डिगरी धिन्नी थाना सराहा जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश ने थाना शाहाबाद पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी की 30 जुलाई को वह अपनी गाडी में टमाटर बेचकर आढ़ती से 50 हजार रुपये लेकर वापिस अपने गांव के लिए चला था। सुबह करीब 4 बजे बराड़ा चौक शाहबाद के नीचे पहुंचा तो के नीचे एक नीली बत्ती वाली गाड़ी खड़ी थी।
गाड़ी से नीचे 8/9 युवक खड़े थे। जिन्होंने हाथ से गाड़ी को रुकने का इशारा किया। तभी उनमें से एक युवक उसको टी-शर्ट से पकड़कर गाड़ी से बाहर खींचने लगा और दूसरे युवक ने उसकी जेब से 15 हजार रुपये निकाल लिए। वह एक दम से अपनी गाड़ी को वापिस करनाल की तरफ मोड़कर अपनी जान बचाने के लिए भाग गया। आरोपियों ने भी अपनी गाड़ी उनकी गाड़ी के पीछे लगा ली तथा दो युवक मोटर साइकिल पर उनके पीछे लग गए। आरोपियों ने उसकी गाड़ी के पिछले टायर में गोली मारी, जिससे टायर फट गया। गाड़ी रुकते ही आरोपियों ने उसकी गाड़ी का शीशा तोड़कर डैश बोर्ड के उपर कपड़े के नीचे रखे 35 हजार रुपये भी लूट लिए। रुपये लेकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर पुलिस दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आगे मामले की जांच करते हुए एएसआई गुरविंदर सिंह ने तीसरे आरोपी सागर पुत्र कुलदीप राज वासी जलबेड़ा रोड अंबाला शहर के घर पर बार-बार रेड करके आरोपी के परिवार वालों पर आरोपी को पेश करने के लिए दबाव बनाया। जिस दबाव में आकर आरोपी के घर वालों ने आरोपी सागर को पुलिस के हवाले कर दिया। जिसको काबू करके गिरफ्तार कर लिया गया और अदालत में पेश करके कारागार भेज दिया गया।