डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के काफिले को रिसीव करने कैथल बॉर्डर की ओर आ रही दमकल गाड़ी गांव थाना में लगे टोल प्लाजा के बूथ में जा घुसी। गनीमत रही इस दौरान टोल प्लाजा का कोई कर्मी बूथ में मौजूद नहीं था। हालांकि इस दुर्घटना में दमकल गाड़ी के ड्राइवर समेत अग्निशमन विभाग के तीन कर्मी चोटिल हुए हैं। तीनों को कैथल के सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
उधर, पिहोवा पुलिस मामले की जांच कर रही है। कैथल अग्निशमन विभाग के जिला इंचार्ज यासीन खान ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि शनिवार दोपहर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का काफिला चंडीगढ़ से नरवाना की ओर जा रहा है। सूचना पाकर विभाग की ओर से काफिले को रिसीव करने के लिए दमकल की गाड़ी को बॉर्डर पर भेजा गया था। दमकल गाड़ी फायर स्टेशन से 11 बजकर 50 मिनट पर चली थी। करीब सवा 12 बजे विभाग को सूचना मिली कि डिप्टी सीएम के काफिले को रिसीव करने गई दमकल गाड़ी गांव थाना में लगे टोल प्लाजा के पास बेकाबू होकर फुटपाथ से होते हुए बूथ से जा टकराई।
इस दुर्घटना में उनके तीन कर्मचारी ड्राइवर जयप्रकाश, सीनियर फायरमैन फकीरचंद और अन्य एक कर्मी गोबिंद चोटिल हो गए। इन कर्मचारियों को कैथल के सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। फिलहाल विभाग की ओर दुर्घटना के संबंध में जांच की जा रही है। उधर, गुमथलागढ़ू पुलिस चौकी कार्यरत दिलबाग सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी दमकल गाड़ी टोल प्लाजा की बूथ में टकरा गई है, जिसमें सवार तीन कर्मचारी घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी को साइड में कराया। अभी पुलिस को दोनों पक्ष से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।