कुरुक्षेत्र/पिहोवा। अंबाला रोड पर टिकरी गांव के निकट बाइक पर आए दो बदमाश सब्जी मंडी के आढ़ती से एक लाख रुपये छीनकर फरार हो गए। इस छीना-झपटी में आढ़ती की बाइक का संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिरकर जख्मी हो गया।
उधर, सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और इलाके में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी, मगर बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के पास से सीसीटीवी फुटेज खंगाल कोई सुराग जुटाने में लगी है।
हरिगढ़ भौरख के रहने वाले हेमचंद ने बताया कि कुरुक्षेत्र रोड पर उसकी सब्जी मंडी में आढ़त की दुकान है। वह अपनी दुकान से करीब एक लाख रुपये थैले में लेकर गांव की तरफ जा रहा था। टिकरी गांव के निकट पीछे से बाइक पर दो युवक तेजी से आए और उसके हाथ में पकड़ा थैला झपटकर फरार हो गए। छीना झपटी में बाइक का संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिरकर वह जख्मी हो गया। उसने बदमाशों की बाइक का नंबर नोट करने का प्रयास भी किया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों का सुराग लगाया जा सके।
जमीन विवाद में महिला पर किया हमला
पिहोवा। अरुणाय गांव में जमीन विवाद में रिश्तेदार ने महिला को चाकू मार दिया। महिला को जख्मी हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां उसका उपचार चल रहा है। वारदात के बाद आरोपी युवक फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक कुरुक्षेत्र के रहने वाला एक युवक अपनी रिश्तेदार अमिता कौर (32) के घर आया था। महिला का रिश्तेदार युवक के साथ जमीन को लेकर कुछ विवाद चल रहा है। इसी के चलते दोनों में कोई कहासुनी हो गई। इससे तैश में आकर युवक ने अमिता को चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिसमें महिला बुरी तरह से जख्मी हो गई। परिजनों ने उसे तुरंत निजी अस्पताल दाखिल कराया। महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। उधर, थाना सदर प्रभारी विक्रांत सिंह ने बताया कि पुलिस को दोपहर के बाद अस्पताल से महिला पर चाकू से हमला करने की सूचना मिली थी। सूचना पाकर पुलिस अस्पताल पहुंची, मगर महिला बयान देने की हालत में नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला के बयान पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
बिजली निगम का स्क्रैप का सामान चोरी
इस्माईलाबाद। बिजली निगम कार्यालय से स्क्रैप का सामान चोरी करने के आरोप में पुलिस ने तीन महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बिजली विभाग में तैनात लाइनमैन पवन कुमार ने थाना में दी शिकायत में बताया कि सब डिविजन इस्माईलाबाद परिसर मे पुराना सामान पड़ा हुआ था। 17 नवंबर को शाम करीब साढ़े सात बजे एसडीओ को सूचना मिली है कि लेागों की शिकायत पर डॉयल 112 की टीम की ओर से चोरी हुआ स्क्रैप का सामान से लोड एक थ्री व्हीलर पकड़ा है। एसडीओ के निर्देश पर वे थाने में पहुंचे तो स्क्रैप के सामान से लोड थ्री व्हीलर मिला। उसे पता चला कि पुलिस ने तीन महिलाओं को भी गिरफ्त में लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला रीना, उषा, गीता के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद
बेटे के सामने ही पिता की मौत
फोटो 02
बेटे के सामने ही हादसे में साइकिल सवार पिता की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
लाडवा। इंद्री चौक के निकट कार की टक्कर लगने से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त सतपाल (64) निवासी वीआईपी कॉलोनी के रूप में हुई। सतपाल राजमिस्त्री का काम करता था। आशंका है कि धुंध की वजह से यह हादसा हुआ।
थाना लाडवा में दर्ज शिकायत में सुमित कुमार निवासी वीआईपी कॉलोनी ने बताया कि वह रविवार शाम करीब सात बजे दूध लेने के लिए इंद्री चौक के पास डेयरी में आया था। इसी दौरान उसके पिता सतपाल साइकिल पर इंद्री चौक की तरफ जा रहे थे।
तभी इंद्री की तरफ से तेज रफ्तार से आई कार ने उसके पिता की साइकिल को साइड मार दी, जिससे उसके पिता साइकिल समेत सड़क पर गिरकर बुरी तरह से जख्मी हो गए। उसने सड़क क्रॉस करके अपने पिता को संभाला और सीएचसी लाडवा लेकर गया।
यहां इलाज के दौरान उसके पिता ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।