जिले में कोरोना को मात देने वालों लोगों की संख्या 21621 तक पहुंच चुकी है। शुक्रवार को भी कुरुक्षेत्र में अलग-अलग स्वास्थ्य केन्द्रों पर आरटी पीसीआर और रैपिड एंटीजन के कुल 1667 सैंपलों की रिपोर्ट में से केवल 2 लोगों की रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है। बताया गया कि गांव बिजड़पुर निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति को 19 जून को अंबाला के एक अस्पताल में दाखिल कराया गया था। यहां 27 जून को उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। सीएमओ डॉ. संत लाल वर्मा ने कहा कि अब कोरोना का ग्राफ सबसे निचले पायदान पर पहुंच गया है जो कि कुरुक्षेत्र के लिए एक अच्छी खबर है। कुरुक्षेत्र में एक ही दिन में 5 कोरोना मरीज ठीक होकर घर लौट गए है। कुरुक्षेत्र में अब सिर्फ कोरोना एक्टिव केसों की संख्या 76 रह गई है और अब तक 3 लाख 86 हजार 96 लोगों की कोरोना सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। जिले में पॉजिटिव केसों के मरीजों का ठीक होने का आंकड़ा 98.06 फीसदी पर पहुंच गई है। कहा कि इस जिले में अब कोरोना के संक्रमण का प्रभाव तेजी के साथ कम हो रहा है और लोग ठीक होकर अपने घरों को लौट रहे है। अब तक 22049 पॉजिटिव केस सामने आ चुके है। इनमें से 21621 मरीज ठीक होकर घर जा चुके है और 352 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो चुकी है।
कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए जिले में राइस मिल मथाना, सुभाष नगर शाहाबाद व उमरी में 3 स्थानों पर कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर कंटेनमेंट जोन बनाने के आदेश दिए है। इन क्षेत्रों में कंटेनमेंट और बफर जोन बनाकर नोडल अधिकारी नियुक्त कर हेल्प लाईन नंबर भी जारी किए गए है। उधर स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के अनुसार जिले में बनाए गए कंटेनमेंट जोन को कोरोना केसों की रिकवरी के बाद डी-नोटिफाई किया जा रहा है। एडवाइजरी के अनुसार जिले के मथाना, प्रताप, धुराला, लुखी, किरमच, अमीन, सेक्टर-5, थानेसर वार्ड-8, शास्त्री नगर, शांति नगर आदि में बनाए गए 18 कंटेनमेंट व बफर जोन क्षेत्र से निजात दे दी गई है।