राजकीय स्कूल उमरी में तीन शिक्षिकाओं सहित जिलेभर में 193 नए कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं, जबकि सेक्टर-8 निवासी 68 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना संक्रमण के चलते शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। कुरुक्षेत्र में कोरोना संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 164 तक पहुंच गया है, जबकि 1626 तक एक्टिव केस का। इनमें से 363 मरीजों को निजी व सरकारी, 53 मरीजों को एलएनजेपी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड और 1210 रोगियों को उनके ही घर पर आइसोलेट किया गया है। लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण केस सैंपल पॉजिटिव रेट पांच प्रतिशत से अधिक पहुंच गया है और रिकवरी रेट गिरकर 87.09 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह का कहना है कि रविवार को कुरुक्षेत्र से 164 मरीजों को ठीक होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है, लेकिन कुरुक्षेत्र में कोरोना से संक्रमित 193 नए केस सामने आए है, जिनमें एक महिला डॉक्टर भी शामिल हैं। हालांकि अब तक 12 हजार 78 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। अभी तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा लिए गए 2 लाख 77 हजार 54 में से 2 लाख 60 हजार 804 सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। सीएमओ ने बताया कि अब तक कुरुक्षेत्र में 13 हजार 868 पॉजिटिव केस सामने आ चुके है। उन्होंने जनमानस से अपील की है कि सभी कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करें, ताकि हम सभी एक साथ कोरोना संक्रमण को मात दे सकें।