दोस्तों के साथ बाइक पर ठसका मीराजीं से इस्माईलाबाद शॉपिंग करने जा रहे 21 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एलएनजेपी अस्पताल दाखिल कराया गया है। मृतक युवक की शिनाख्त गांव ठसका मीराजी निवासी वचित्र सिंह पुत्र गुरनाम सिंह के रूप में जबकि घायल की पहचान अंकित पुत्र गंगा राम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस को सौंपी शिकायत में ठसका मीराजी निवासी दलजीत सिंह पुत्र राजिंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार को वह अपने दोस्त वचित्र सिंह और अंकित के साथ शॉपिंग करने के लिए अलग-अलग दो बाइक पर इस्माईलाबाद जा रहे थे। एक बाइक वचित्र चला रहा था, उसके पीछे अंकित बैठा हुआ था। 33 केवी पावर हाउस रोहटी झांसा के निकट पीछे से तेज रफ्तार बाइक चालक ने उनकी दोनों बाइक को टक्कर मार दी। इससे वे तीनों नीचे सड़क पर गिर गए। हादसे में वचित्र और अंकित को ज्यादा चोटें आई। उसने दोस्त अजय पाल को फोन करके गाड़ी मंगवाई और दोनों दोस्तों को सीएचसी झांसा पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने वचित्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि अंकित को उपचार के लिए एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं शिकायत के आधार पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।