पिछले महीने पिहोवा गुरुद्वारा बाऊली साहिब के पास हुए मोनू हत्याकांड में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार करके दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपी की पहचान सुनील उर्फ लखा निवासी भागल (कैथल) के रूप में हुई है।
बता देें इस मामले में पुलिस ने मुख्य साजिश कर्ता आरोपी युवती पिंकी वासी ब्लाक एफ-7 सुल्तानपुरी नार्थ वेस्ट दिल्ली हाल किरायेदार संजय बस्ती चीका को गिरफ्तार करके दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। इस दौरान आरोपी युवती ने वारदात में शामिल अन्य आरोपी राजेश वासी सोंगल, दिलबाग उर्फ बग्गा वासी गांव हेलवा व राजदीप वासी जाजनपुर ढांड (कैथल) व सुनील के बारे पुलिस को अहम सुराग दिए थे। आरोपी पिंकी ने मोनू को फोन पर मैसेज करके गुरुद्वारा बाउली साहिब के पास बुलाया था और उसकी जानकारी आरोपियों को दी थी। आरोपी युवती की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और सुनील फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने बताया कि 23 अगस्त को सोनू वासी ककराली ने अपने ब्यान में कहा कि उनका कुछ दिन पहले दिलबाग ने अपने साथियों के साथ उसके मकान के बाहर तुर कॉलोनी पिहोवा पर फायरिंग की थी, जिस कारण उनसे रंजिश चल रही थी। 23 अगस्त को उसका छोटा भाई मोनू किसी काम से पिहोवा आया हुआ था। शाम करीब पौने चार बजे उसके दोस्त ने फोन करके सूचना दी कि किसी ने मोनू को गुरुद्वारा बाऊली साहिब के पास गोली मारकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा और मोनू को एलएनजेपी अस्पताल ले गया, जहां पर डाक्टरों ने उसके भाई को मृत घोषित किया। अपने स्तर पर उसे पता चला कि उसके भाई मोनू के साथ उसका दोस्त विक्रांत उर्फ जानु पुत्र सुनील कुमार वासी पिहोवा भी था। घटना के समय विक्रांत बाइक पर बैठा था और उसका भाई सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से मटमैली रंग की कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। कार से उतरे दो युवक जिनके हाथों में पिस्तौल थी, उन्होंने उसके भाई मोनू पर फायर किया जो गोली उसके भाई की छाती में लगी, जिससे उसके भाई की मृत्यु हो गई। शिकायत पर पुलिस ने हत्या व असला अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके जांच के दौरान चार आरोपियों के बाद पांचवें आरोपी सुनील को नया बस स्टैंड करनाल के पास से काबू करके गिरफ्तार किया तथा पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।