फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आंदोलन स्थगित कर काम पर लौटे अधिकारी

Mon, 03 Oct 2016 12:24 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, कुरूक्षेत्र
विज्ञापन
विज्ञापन
इसे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के पिछड़ जाने का भय कहें या प्रदेशभर के कृषि विकास अधिकारियों के आंदोलन के आगे विभाग की बेबसी कि विभाग की ओर से प्रदेश भर से सस्पेंड किए गए 10 कृषि अधिकारियों को तीसरे दिन ही वापस लेना पड़ा। यहां तक कि विभाग ने इनके समेत लगभग 100 अधिकारियों पर लगाई चार्जशीट भी वापस ले ली है तो वहीं सभी कृषि विकास अधिकारी भी काम पर लौट आए हैं।
विज्ञापन


शायद यह प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को अमलीजामा पहनाए जाने का ही तकाजा है कि हड़ताल समाप्त होते ही अगले ही दिन रविवार को छुट्टी के बावजूद योजना को लेकर अधिकारियों की बैठक हुई। कुरुक्षेत्र जिले के अधिकारियों की हुई बैठक में कृषि विकास अधिकारियों सहित दूसरे अधिकारियों व कर्मचारियों को उपनिदेशक डॉ. कर्मचंद ने इस योजना के जहां पिछड़े कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए गए वहीं योजना को गंभीरता से अमल में लाने को लेकर भी कई प्रकार के सुझाव दिए।

बता दें कि उक्त योजना को लेकर विभाग ने तय सीमा में लक्ष्य पूरा किए जाने के आदेश जारी किए थे। महज कुछ ही दिनों के दौरान व संसाधनों के अभाव में यह लक्ष्य पूरा न होता देख हरियाणा एग्रीकल्चर डेवलपमेंट ऑफिसर एसोसिएशन हड़ताल पर उतर आई थी। 26 सितंबर से शुरू की गई हड़ताल के चलते विभाग ने जहां एस्मा लागू कर दिया था वहीं प्रदेश भर से लगभग 100 कृषि विकास अधिकारियों को चार्जशीट भी कर दिया था। इनमें से कुरुक्षेत्र के पाला राम व दर्शन कुमार सहित 10 को सस्पेंड भी कर दिया गया। इसके बाद तीसरे दिन ही विभाग ने यह दोनों ही आदेश वापस ले लिए तो वहीं इन अधिकारियों ने भी विभाग को आश्वस्त किया कि पूरे कार्य को गंभीरता से किया जाएगा।
विज्ञापन


30 फीसदी ही पूरा हुआ क्रॉप कटिंग कार्य
प्रधानमंत्री फसल बीमा के लिए बीमा राशि तय करने को लेकर शुरू किया गया क्रॉप कटिंग कार्य जिले में अभी तक महज 30 फीसदी ही पूरा हो पाया है। इसी योजना को लेकर ही कृषि विकास अधिकारियों की ओर से की गई हड़ताल के चलते इस कार्य को धक्का लगा है।

विभाग ने मानी कई मांगें : पाला राम
हरियाणा एग्रीकल्चर डेवलपमेंट ऑफिसर एसोसिएशन के जिला प्रधान पाला राम व राज्य कार्यकारिणी सचिव दर्शन कुमार ने बताया कि विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ एसोसिएशन की बैठक में सौहार्दपूर्ण बातचीत हुई है। इसमें उनकी कई मांगें मानी हैं। इसमें उन्हें संसाधन मुहैया करवाने की मांग भी है। इसके अलावा अधिकारियों पर की गई चार्जशीट व सस्पेंशन की कार्रवाई भी वापस ली गई है और अब सभी अधिकारी हड़ताल स्थगित कर काम पर लौट आए हैं।

सस्पेंशन बहाल किए जाने के मिले आदेश : डॉ कर्मचंद
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ कर्मचंद ने बताया कि जिन अधिकारियों को सस्पेंड किया गया था अब उन्हें बहाल कर दिया गया है। इस संबंध में उनके पास उच्चाधिकारियों के आदेश आ गए हैं। इसके बाद उन्होंने रविवार को सभी अधिकारियों की बैठक ली। इसमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अब तक के हुए कार्य से लेकर इसे पूरा करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें