संवाद न्यूज एजेंसी
पिहोवा। खेल मंत्री सरदार संदीप सिंह ने कहा कि कोरोना के मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई सहन नहीं की जाएगी। सरकार द्वारा प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि महामारी से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर लोगों की सुरक्षा के प्रबंध किए जाएं। खेल मंत्री डेरा उदासीन ब्रह्म अखाड़ा लोक भलाई ट्रस्ट मांडी साहिब के मुखी संत बाबा गुरविंद्र सिंह एवं सरकार के सहयोग से गांव भेरियां में बनाए गए कोविड केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे थे।
उन्होंने बताया कि भेरियां के निकट सरकारी स्कूल की बिल्डिंग में 35 बेड का कोविड आइसोलेशन केंद्र स्थापित किया गया है। संत बाबा गुरविंदर सिंह के सहयोग से यहां उन मरीजों को आइसोलेट करने के लिए बेड व अन्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जिनके पास घर में आइसोलेशन के लिए जगह नहीं है। इसके अलावा यहां प्रवासी मजदूर जो कोरोना प्रभावित हैं। उन्हें भी जगह और प्राथमिक इलाज मुहैया कराया जाएगा।
कोविड मरीजों की मदद के लिए खेल मंत्री ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। जिनमें डॉ. विक्रम ठाकुर, डॉ. अवनीत अवनीत वड़ैच और लवप्रीत सिंह खैहरा को लोगों की मदद के लिए टीम में शामिल किया है। इसके अलावा खेल मंत्री ने कोरोना काल में आर्थिक तंगी झेल रहे लगभग 23 परिवारों में आर्थिक सहायता राशि के चेक भी वितरित किए।
गांव टीकरी और गांव खेड़ी शीशगरां में जरूरतमंद परिवारों को चेक देते हुए खेल मंत्री ने कहा कि ऐसे समय में जब लोगों के काम धंधे बंद है। उन्हें मदद की बहुत जरूरत है इसलिए 23 के करीब जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता राशि के चेक पहुंचाए गए हैं। इस मौके पर लेफ्टिनेंट बिक्रमजीत सिंह, करण गिल, साहब सिंह, लवप्रीत सिंह, डॉ. अवनीत वड़ैच, गौरव आहूजा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।