कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के बजट विवाद में अब न्यायिक आयोग 29 जनवरी को सुनवाई करेगा। इस दौरान 7 जनवरी को हुई बजट बैठक के दौरान की सीसीटीवी फुटेज भी दिखानी होगी। पूरा रिकार्ड भी पेश करना होगा ताकि स्पष्ट हो सके कि बजट बैठक में कितने सदस्य थे और क्या कार्रवाई हुई। तब तक आयोग ने लंगर व कर्मचारियों के वेतन सहित सामान्य खर्च के अलावा अन्य फंड जारी करने पर रोक लगा दी है।
कमेटी वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरमीत सिंह की शिकायत पर आयोग ने शुक्रवार 16 जनवरी को तलब किया था। इसके लिए सभी सदस्यों को पत्र भेजा गया था। कमेटी की ओर से प्रधान जगदीश सिंह झींंडा सहित कोई भी सदस्य नहीं पहुंचा। वहीं कार्यालय की ओर से तीन सचिव पेश हुए। बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष की ओर से शिकायतकर्ता व वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरमीत सिंह, नामित सदस्य बलजीत सिंह दादूवाल सहित 11 सदस्य पहुंचे। आयोग ने मामले की सुनवाई करते हुए कार्यालय सचिवों से सीसीटीवी फुटेज दिखाने को कहा तो वे खाली हाथ मिले। यही नहीं बताया जा रहा है कि पूरा रिकार्ड भी नहीं था जिसके कारण आयोग ने पूरे रिकार्ड व सीसीटीवी फुटेज सहित 29 जनवरी को पेश होने का कहा। वहीं आदेश दिए कि तब तक किसी प्रकार के फंड जारी न किए जाएं।
झींडा बोले- 29 को आयोग के सामने होंगे पेश, दिखाया जाएगा पूरा रिकार्ड
कमेटी प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने कहा कि वे अमृतसर में व्यस्त होने के कारण आयोग में पेश नहीं हो सके। पता चला है कि कोई सदस्य भी नहीं पहुंच पाया। अब आयोग ने 29 जनवरी के लिए आदेश जारी किए हैं। इसके अनुसार वे भी जरूर पहुंचेंगे और पूरा रिकार्ड भी दिखाया जाएगा। फिलहाल आयोग की ओर से लंगर व कर्मियों को वेतन दिए जाने के अलावा अन्य फंड जारी करने पर रोक लगाई है।
इस संबंध में शिकायतकर्ता व वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरमीत सिंह से संपर्क नहीं हो सका।