कुरुक्षेत्र। सेक्टर 17 में फैला कचरा। संवाद
कुरुक्षेत्र। नगर परिषद की अपनी स्थायी डंपिंग साइट होगी। इसी साइट पर कचरे का पूरी तरह से निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए परिषद ने एक बार फिर से जद्दोजहद शुरू कर दी है। इसी सप्ताह डंपिंग साइट फाइनल कर लेने की उम्मीद जताई जा रही है।
परिषद की ओर से फिलहाल गांव बारना, किरमिच और मथाना में करीब पांच एकड़ में बनाई जाने वाली डंपिंग साइट के लिए जमीन चिह्नित की गई है। यहां तक कि डीएमसी अमन वर्मा व परिषद के कार्यकारी राजेश कुमार भी तीनों स्थानों का मुआयना कर चुके हैं। अब इनमें से किसी एक जगह को फाइनल किया जाएगा। जगह फाइनल होते ही इसे वर्तमान में ही कचरा उठान कर रही फर्म को सौंपा जाएगा और फर्म ही इस जमीन को निस्तारण प्लांट के रूप में विकसित करेगी। आगामी फरवरी-मार्च के दौरान स्वच्छता सर्वेक्षण किया जाना है। इस सर्वेक्षण से पहले परिषद के पास अपनी डंपिंग साइट हो। नगर परिषद के लिए हर रोज शहर से निकलने वाले करीब 100 टन कचरे के निस्तारण के लिए डंपिंग साइट सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।