इस्माईलाबाद। समाज के अंतिम व्यक्ति की समस्या का हल करने के लिए जिला प्रशासन व्हाट्सएप नंबर जारी करेगा। इसके माध्यम से आने वाली शिकायतों को संबंधित विभाग के पास भेजकर उसका हल करवाया जाएगा। इस प्रक्रिया में नागरिकों का कार्यालयों तक आने का समय और खर्च दोनों की बचत होगी। इस व्हाट्सएप के माध्यम से जिला प्रशासन की योजनाओं को भी नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने इस नई पहल का जिक्र बुधवार रात इस्माईलाबाद क्षेत्र के गांव ठसका मीरां जी के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम में किया। उन्होंने ग्रामीणों की 85 शिकायतों को सुना जिस दौरान सरपंच मीना कुमारी के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन का रात्रि ठहराव का यह पांचवां कार्यक्रम रहा।
पानी निकासी के स्थायी समाधान के निर्देश : उपायुक्त ने कहा कि गांव में पानी की निकासी न होने के कारण मुख्य मार्ग पर खड़े गंदे पानी की निकासी का स्थायी समाधान किया जाए। इसके लिए एक्सईएन को स्थायी समाधान की प्लानिंग तैयार करने को कहा। इसके साथ ही जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए।