कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) में दो सेवानिवृत्त कर्मचारियों की कंसल्टेंट के रूप में नियुक्ति को लेकर चल रहा विवाद सोमवार को खुलकर सामने आ गया।
करीब 150 गैर-शिक्षक कर्मचारियों वाले संस्थान में 94 कर्मचारियों ने हस्ताक्षर कर इन नियुक्तियों का विरोध किया है तब भी एनआईटी प्रशासन ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की और नियुक्तियां बरकरार रखी। इसके विरोध में कर्मचारी सोमवार से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। इस दाैरान सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे तक निदेशक कार्यालय के बाहर कर्मचारियों ने नारेबाजी की और नियुक्तियां रद्द करने की मांग उठाई।
कर्मचारी संघ के प्रधान आर के मीणा ने बताया कि बैठक में निदेशक ने साफ कहा कि संस्थान का काम इन दोनों कंसल्टेंट के बिना नहीं चल सकता। इस पर उनका कहना है कि ऐसा क्या काम है जो इनके बिना नहीं चल सकता हैं।
वहीं इस पर अन्य कर्मचारियों का कहना है कि जब संस्थान में योग्य अधिकारी और कर्मचारी कार्यरत हैं तो सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दोबारा नियुक्त करने की जरूरत क्या है।
कर्मचारियों ने यह भी सवाल उठाया कि जिस कर्मचारी के पास अधिकारी के रूप में काम करने का अनुभव नहीं है, उसे अधिकारी स्तर की जिम्मेदारी कैसे सौंपी जा सकती है।
कर्मचारी संघ के महासचिव संजय मेहता का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले जब वे खुद 2008 में प्रधान थे तब भी ऐसा ही मामला आया था और उसकी भी शिकायत केंद्रीय शिक्षा विभाग को पहुंची थी, जिसके बाद करीब पांच अधिकारियों को हटाना पड़ा था। साथ ही उस समय सरकार ने आदेश जारी किया था कि ऐसे किसी की नियुक्ति नहीं की जा सकती। उनका का कहना है कि 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हुए राजकुमार को कंसल्टेंट कैसे नियुक्त किया गया, जबकि इससे पहले सेवानिवृत्त हो चुके रणजीत को भी दोबारा कंसल्टेंट बनाया गया है।
संघ ने मांग की कि दोनों नियुक्तियां तत्काल समाप्त की जाएं। चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक धरना प्रतिदिन जारी रहेगा। धरने के दौरान जब निदेशक प्रो. ब्रह्मजीत से नियुक्तियों और धरने को लेकर सवाल किया गया तो वे बिना जवाब दिए संस्थान से निकल गए। कर्मचारी नेताओं का आरोप है कि उन्होंने उनकी किसी भी मांग पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया। संवाद
कुरुक्षेत्र। निदेशक कार्यालय एनआईटी में धरने पर बैठे गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के सदस्य। संवाद
कुरुक्षेत्र। निदेशक कार्यालय एनआईटी में धरने पर बैठे गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के सदस्य। संवाद