कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र में कर्मचारी संघ के आम चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव के लिए उम्मीदवार 25 से 27 नवंबर तक अपने नामांकन दाखिल कर सकेंगे। इस बार प्रधान, उपप्रधान, महासचिव, सहसचिव और कोषाध्यक्ष के अलावा कार्यकारिणी सदस्य के छह पदों के लिए चुनाव करवाया जाएगा।
एनआईटी कर्मचारी संघ के महासचिव संजय मेहता और प्रधान आरे मीणा का कहना है कि चुनावों की तारीख का एलान हो चुका है, इसे लेकर कर्मचारियों ने तैयारी शुरू कर दी है। बहुत जल्दी है उम्मीदवारों का भी एलान हो जाएगा।
चुनाव के लिए 21 नवंबर को दोपहर तीन बजे अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 25 से 27 नवंबर तक दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। 30 नवंबर को दोपहर चार बजे तक जांच और सुधार किया जाएगा। उम्मीदवार एक दिसंबर को शाम चार बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे।
दो दिसंबर को दोपहर तीन बजे चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे, जबकि तीन दिसंबर को सुबह 11 बजे उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी होगी। चुनाव अधिकारी बीबी गौतम का कहना है उम्मीदवारों को 17 दिसंबर की शाम पांच बजे तक प्रचार करना होगा इसके बाद प्रचार गतिविधियां बंद हो जाएंगी। 18 दिसंबर को सुबह 10 बजे तक डाक मतपत्र प्राप्त किए जाएंगे और इसी दिन मतदान होगा।
उम्मीदवारों के लिए जमानत राशि भी निर्धारित की गई है। प्रत्येक पद के लिए नामांकन पत्र जमा करवाते समय 700 रुपये जमा करवाना अनिवार्य होगा।