चौधर की जंग लड़ने से पहले ही संभावित प्रत्याशियों पर सरकार के नियम भारी पड़ रहे हैं। हालात ये हैं कि चुनावी मैदान में उतरने के लिए ही संभावित प्रत्याशियों को बिजली निगम, सहकारी बैंकों आदि से एनओसी लेने के लिए जंग लड़नी पड़ रही है।
हालात ऐसे हैं कि बिजली निगम का कार्यालय हो या सहकारी बैंकों का कार्यालय। सभी में मारामारी मची हुई है।
शहर के अमीन रोड स्थित सहकारी बैंक समिति में सुबह से ही उम्मीदवारों की भीड़ पहुंच जाती है। दूसरी ओर बिजली निगम के झांसा रोड और पिहोवा में बिजली निगम कार्यालय में भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। एनओसी के लिए लोग एक दूसरे पर चढ़े जा रहे थे।
भीड़ को देख बैंक कर्मचारी हांफ गए, तो क्लर्कों ने फॉर्मो को बाहर गैलरी में रख दिया। लोगों ने स्वयं अपने काम के अनुसार फार्म वहीं से लिए। सहकारी ग्रामीण बैंक समिति शाखा में बड़ी संख्या में पंचायतीराज संस्थाओं के पदों के उम्मीदवार आए। सभी लोग जिला प्रशासन और बैंक की व्यवस्थाओं से नाराज दिखे।
बुलाने के बाद भी नहीं दे रहे एनओसी : दीपक
ऊंटसाल निवासी दीपक ने कहा कि वह ब्लॉक समिति का चुनाव लड़ना चाहता है। दो दिन पहले उसने सहकारी ग्रामीण बैंक में एनओसी के लिए फार्म जमा किया था।
उसे बुधवार को बुलाया गया था। इसके बावजूद बैंक कर्मी उन्हें एनओसी नहीं दे रहे। ऐसी व्यवस्था प्रत्याशियों को परेशान करने वाली है। प्रशासन को बैंक अधिकारियों तथा कर्मियों की खबर लेनी चाहिए।
रजिस्टर में एंट्री, फिर भी फार्म गायब
उम्मीदवार बारवा निवासी हरप्रीत और चाचा वीरभान मोर, अमीन निवासी विक्की ठाकुर, मंदीप सिंह निवासी मथाना, राजेश कुमार निवासी दुधला, माचंद, कर्म सिंह, बीरभान शर्मा, सचिन गुप्ता आदि ने बताया कि उनकी एंट्री रजिस्टर में है, लेकिन कर्मचारी कह रहे हैं उनका आवेदन नहीं मिला अभी तक।
समय रहते स्टाफ क्यों नहीं बढ़ाया : रोशन
पंच पद के उम्मीदवार रोशल लाल निवासी रामगढ़ ने कहा कि बैंक में यदि कर्मचारी कम थे, तो समय रहते उन्हें स्टाफ बढ़ाना चाहिए था।
कोई कर्मी रास्ता ही नहीं बता रहा कि कैसे समस्या हल होगी। बड़ी संख्या में आए भावी उम्मीदवार कहां जाएं? कोई भी उनकी परेशानी का हल नहीं निकाला रहा।
नेताओं के नजदीकियों को एनओसी देने का आरोप
कुछ प्रत्याशियों ने बताया कि कई ऐसे उम्मीदवार हैं, जिन्होंने उनके बाद आवेदन किया था। आरोप लगाया कि नेताओं के नजदीकी होने के चलते कुछ आवेदकों के फार्म पहले ही स्वीकार कर लिए।
उन लोगों को बैंक कर्मियों ने एनओसी भी फटाफट दे दी। कुछ लोग एप्रोच के चलते पिछले दरवाजे से ही भीतर घुस रहे थे। ऐसे लोगों को देख कर दूसरे लोगों ने हंगामा कर दिया।
बैंक ने फेंक दिए, आवेदक ढूंढते रहे अपना फार्म
अमीन रोड पर सहकारी ग्रामीण समिति बैंक शाखा कुरुक्षेत्र में अव्यवस्था चरम पर थी। पंचायतीराज संस्थाओं के अलग-अलग पदों के लिए जमा कराए गए बहुत से फार्मों को बैंक ने खुले में फेंक दिया।
इसके बाद उम्मीदवारों ने जैसे-तैसे अपने फार्म ढूंढे।
भीड़ को देख फार्म फेंक भागे अधिकारी
भीड़ को बेकाबू होता देखकर अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक सभी सीट से गायब हो गए। लोगों का कहना है कि फार्मों को बाहर फेंककर बैंक अधिकारी और कर्मचारी गायब हो गए। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि उनकी तरफ से फार्मों को नहीं फेंका गया, बल्कि लोगों ने ही फार्म फेंके हैं।
बिजली निगम पर भी उमड़ी भीड़
सहकारी बैंक ही नहीं बिजली निगम में भी एनओसी लेने के लिए संभावित प्रत्याशियों की भीड़ उमड़ी। बुधवार तक निगम की ओर से 1808 संभावित प्रत्याशियों को एनओसी जारी कर दी गई थीं।
इनमें पिहोवा ब्लॉक में 757 और थानेसर ब्लाक में 1051 एनओसी जारी की गईं। इस दौरान करीब 20 लाख रुपये की रिकवरी भी विभाग को हुई है।