लाडवा। गांव बन में 30 अक्तूबर को दिनदहाड़े स्कूल से ई-रिक्शा में घर लौट रहे सात वर्षीय मासूम बच्चे के अपहरण के मामले में पुलिस को तीसरे दिन भी कोई ठोस सुराग नहीं मिला। अपहरणकर्ता कोई और नहीं बल्कि बच्चे का पिता आशु है, जो मां से अलग रह रहा है। आरोपी ने घटना के दिन से ही अपना मोबाइल फोन बंद कर रखा है जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने परिजनों से लेकर रिश्तेदारों के घरों तक दबिश दी है और अब साइबर टीम की मदद से लोकेशन ट्रेस करने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।
पुलिस जांच में पता चला है कि अपहरण दोपहर करीब 2:10 बजे हुआ। ई-रिक्शा चालक गुरमेज सिंह छह बच्चों को लेकर घर लौट रहा था। गांव के चौराहे पर एक स्विफ्ट कार ने रास्ता पूछने के बहाने रिक्शा रुकवाया। इसी दौरान एक युवक ने बच्चे को उठाकर कार में डाला और हथियार दिखाकर रादौर की ओर भाग गए। परिजनों ने बच्चे के चाचा की गिरफ्तारी की मांग की है, क्योंकि अपहरण चाचा की स्विफ्ट कार से किया गया। पुलिस ने आशु सहित चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में अपहरण का मामला दर्ज किया है।
बच्चे की मां ममता डेढ़ साल से मायके में रह रही है। 2016 में हुई शादी के बाद पति की मारपीट से तंग आकर उसने कोर्ट में केस दर्ज कराया था। अपहरण के दिन ममता अपनी मौसी के पास गई थी। लौटकर बच्चे के अपहरण की खबर सुनकर वह रो-रोकर बेसुध हो गई। ममता का कहना है कि पहले जिंदगी खराब की, अब बच्चा छीन रहा है।
डीएसपी रणधीर सिंह के नेतृत्व में सीआईए की तीन टीमें लगातार जांच में जुटी हैं। आरोपी पिता के गांव में दो बार दबिश दी गई लेकिन वह बच्चे सहित फरार है। डीएसपी ने कहा कि पुलिस की तीन टीमें लगी हुई हैं। थाना प्रभारी जानपाल सिंह व सीआईए टीमें लगातार आरोपी पिता के घर पर दबिश दे रही है। साइबर टीम की मदद ली जा रही है। जल्द ही बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा और पिता को काबू करके कार्रवाई की जाएगी।