जिले में लगातार दूसरे दिन भी कोई पॉजिटिव मरीज नहीं मिला है, जबकि तीन मरीज कोरोना को मात देकर घर लौटे हैं। कुरुक्षेत्र में अब तक 21743 कोविड मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों से आरटी पीसीआर और रैपिड एंटीजन के 582 सैंपल लिए गए थे, जिनमें आरटी पीसीआर के 545 व रैपिड एंटीजन के 37 सैंपल शामिल हैं। जांच के दौरान रविवार को किसी भी व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है।
बता दें कि कुरुक्षेत्र में अब तक 22111 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं, जबकि कोरोना पॉजिटिव 356 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। फिलहाल कुरुक्षेत्र में कोरोना वायरस के 12 एक्टिव केस हैं। इनमें से 4 घर में आइसोलेट हैं और 8 मरीज अलग-अलग अस्पतालों में दाखिल किया गया है। जिला सिविल सर्जन डॉ. संत लाल वर्मा ने बताया कि कुरुक्षेत्र में अब तक 4 लाख 36 हजार 903 लोगों की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। कहा कि इस जिले में पॉजिटिव केसों की रिकवरी में लगातार सुधार हो रहा है। जिले का रिकवरी रेट 98.34 पर है और सैंपल पॉजिटिव रेट घटकर 4.82 पर पहुंच गया है।
स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के अनुसार जिले में बनाए गए कंटेनमेंट जोन को कोरोना केसों की रिकवरी के बाद डी-नोटिफाई किया जा रहा है। एडवाइजरी के अनुसार जिले के गांव हेलवा पिहोवा और मसीता हाउस कुरुक्षेत्र में बनाए गए कंटेनमेंट और बफर जोन क्षेत्र से निजात दे दी गई है।