संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। नहर किनारे समसीपुर गांव के पास वीरवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मिले 26 वर्षीय रवि उर्फ गोलू के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है। गोलू के शव पर किसी प्रकार की चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।
पोस्टमार्टम करने वाले पैनल के फॉरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. गौरव कौशिक ने बताया कि गोलू के शव को देखने से लग रहा था कि वह दो दिन पुराना हो लेकिन परिजन सुबह ही घर से काम के लिए निकलने की बात कह रहे हैं। उसके शव से बदबू आ रही थी और शरीर पर किसी भी प्रकार के कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार माना जा रहा है कि उसने कीटनाशक का सेवन किया हो क्योंकि फासफोरस और सल्फास की गंध काफी अलग होती है जो गोलू के शव से नहीं आ रही थी। परंतु पुलिस को गोलू के शव के पास से कीटनाशक की बोतल या कोई अन्य वस्तु नहीं मिली। इसलिए गोलू के शव का विसरा निकाल फॉरेंसिक प्रयोगशाला में भेज दिया है।