कुरुक्षेत्र। थीम पार्क में पिछले मंगलवार को सिर कटे दिव्यांग का शव मिलने के मामले में पांच दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। न तो मृतक की पहचान हो सकी है और न ही कटा सिर बरामद हुआ। रहस्य लगातार गहराता जा रहा है।
पुलिस की पांच टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल चुकी हैं, जो पिपली से थर्ड गेट तक और अब शहर के बाहर अन्य सड़कों तक पहुंच गई हैं, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद साइबर टीम की मदद ली जा रही है, पर पहचान नहीं हो पाई। संदिग्ध वाहनों को ट्रेस करने का प्रयास जारी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतीक गहलोत ने बताया कि जांच अब शव की पहचान और सिर की तलाश पर केंद्रित है। शव के पास मिली कृत्रिम टांग को समाज कल्याण विभाग से जोड़ा जा रहा है। विभाग से दिव्यांगों की सूची लेकर घर-घर सत्यापन किया जा रहा है। चाकू विक्रेताओं से भी हालिया खरीदारी की जानकारी जुटाई जा रही है।
एएसपी ने दावा किया कि कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द शव की पहचान कर हत्यारों को पकड़ लिया जाएगा। मृतक की उम्र 35-40 वर्ष अनुमानित है। पुलिस को शक है कि नया चाकू ही हत्या का हथियार है। पोस्टमार्टम में सामने आया है था कि शव के पेट पर भी 10 से 15 चाकू के गहरे निशान थे।