कुरुक्षेत्र। नरवाना ब्रांच भाखड़ा नहर से बरामद 33 वर्षीय संदीप कुमार के शव के मामले में पुलिस ने इत्तेफाकिया मौत की रिपोर्ट दर्ज की है, जबकि घटना के दौरान थाना और चौकी पुलिसकर्मियों के बीच क्षेत्राधिकार पर हुई तकरार पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। थाना प्रभारी मामले की जांच कर रहे हैं।
रावगढ़ गांव निवासी संदीप कुमार मानसिक रूप से परेशान थे और लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। परिजनों के अनुसार 13 मार्च को वह दवा लेने अस्पताल गए थे। दवा लेने के बाद वे घर नहीं लौटे। शाम को पुलिस ने परिवार को सूचना दी कि नहर से एक युवक का शव मिला है। जेब से मिली अस्पताल की पर्ची से पहचान हुई। मोर्चरी में दोबारा परिवार ने शव की पहचान की।
संदीप के बड़े भाई सुनील कुमार (40) ने बताया कि माता-पिता की मौत 14 वर्ष पहले हो चुकी है। संदीप अविवाहित थे और घर में अकेले रहते थे। वह हर किसी से कम बात करता था और किसी से विवाद नहीं था।
सुनील को मौत की सटीक वजह का पता नहीं चल पाया है कि संदीप ने खुद कूदकर आत्महत्या की या दुर्घटनावश गिरे। परिजनों ने किसी पर शक नहीं जताया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शव परिजनों को सौंप दिया जिसमें मौत का कारण डूबना पाया गया।