कुरुक्षेत्र। एनआईटी टीचर्स एसोसिएशन ने दूसरे दिन भी रोष व्यक्त किया। काले बिल्ले लगाकर शिक्षकों ने कक्षाएं लीं और एसोसिएशन ने 21 मई को होने वाली हाउस की बैठक का नोटिफिकेशन भी जारी किया।
सभी शिक्षकों को सूचित कर दिया है कि उक्त तिथि को शाम चार बजकर 30 मिनट पर हाउस की मीटिंग होगी, जिसमें आगामी रणनीति तय की जाएगी। एनआईटी टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास चौधरी ने बताया कि शिक्षक लंबित मांगों का समर्थन करते हुए यह रोष प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो फिर आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्थान प्रशासन उनके साथ अन्याय कर रहा है, उनकी सभी मांगें जायज है, लेकिन एनआईटी निदेशक की ओर से इस ओर कोई भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को दूसरे दिन भी एनआईटी शिक्षक काले बिल्ले लगाकर कक्षाओं में पहुंचे। शिक्षकों ने कक्षाएं तो जरूर ली, लेकिन काले बिल्ले लगाकर उन्होंने एनआईटी के निदेशक के खिलाफ अपना रोष भी व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि शिक्षकों ने 16 मई तक उनकी मांगों को पूरी करने की मोहलत संस्थान को दी, लेकिन जब इस समयावधि तक उनकी मांग नहीं मानी तो फिर शिक्षकों ने काले बिल्ले लगाकर कक्षाएं लेने का निर्णय लिया। उल्लेखनीय है कि शिक्षकों की मुख्य मांगों में केश लेस मेडिकल इंश्योरेंस, वेतन विसंगतियां, वन मैन वन पोस्ट, टेलीफोन अलाउंस भुगतान शामिल है।