कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र में इंटर टेक्नालॉजी यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स एसोसिएशन टूर्नामेंट का सोमवार को समापन हो गया। कार्यकम के अंत में विभिन्न खेलों में विजेता रहे खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। तीन दिवसीय टूर्नामेंट का आयोजन का फिजिकल एजुकेशन एवं स्पोर्ट्स सेक्शन की ओर से किया गया था। जिसमें विभिन्न संस्थानों के करीब 400 खिलाड़ियों ने कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और योग सहित अन्य खेलों में प्रतिभा दिखाई।
इस दौरान कबड्डी मैच में एनआईटी हमीरपुर और फुटबॉल प्रतियोगिता में थापर यूनिवर्सिटी पटियाला ने जीत हासिल की। वहीं बैडमिंटन पुरुष और महिला वर्ग का खिताब थापर यूनिवर्सिटी पटियाला ने जीता। योग प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग में एनआईटी कुरुक्षेत्र ने बाजी मारी। जबकि वॉलीबॉल मैच के कड़े मुकाबलों में एनआईटी कुरुक्षेत्र की महिला वर्ग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी जीत सुनिश्चित की। शारीरिक शिक्षा और खेल के इंचार्ज डॉ. पीसी तिवारी ने खिलाड़ियों को खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया। छात्र कल्याण संकाय अध्यक्ष डॉ. दीक्षित गर्ग ने विजेताओं को सम्मान देकर प्रोत्साहित किया। इस मौके पर प्रो. रत्ना दहिया, प्रो. लिली दीवान, एनआईटी हमीरपुर से डॉ आरके जमालता, एनआईटी दिल्ली से अनिदेव सिंह, थापर यूनिवर्सिटी से डॉ. संधू, डॉ. अमित सहित अन्य सदस्य एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।