कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र के कर्मचारी संघ के चुनाव दिसंबर माह में होंगे। यह चुनाव वर्ष नवंबर 2024 में प्रस्तावित था, लेकिन प्रशासनिक कारणों के चलते एक वर्ष की देरी से अब पांच दिसंबर को संपन्न कराया जाएगा। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।
चुनाव अधिकारी बीबी गौतम ने बताया कि 27 से 31 अक्तूबर तक नामांकन दाखिल किए गए। तीन नवंबर तक नामांकन में संशोधन किया गया, जबकि चार नवंबर नाम वापसी की अंतिम तिथि रही। चुनाव प्रतीक छह नवंबर को आवंटित किए गए और प्रत्याशियों की अंतिम सूची सात नवंबर को प्रदर्शित की गई। मतदान प्रक्रिया पांच दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक कर्मचारी संघ कार्यालय में होगी। चुनाव के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष के पद शामिल हैं। केवल संघ के पंजीकृत सदस्य ही मतदान के पात्र होंगे।
इस बार चुनावी मैदान में चार प्रमुख गुट उतर चुके हैं। हर गुट ने अपने-अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं और डोर-टू-डोर जाकर मतदाताओं से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। चुनाव प्रचार अब पूरे चरम पर है। सभी प्रत्याशी कर्मचारियों से समर्थन मांग रहे हैं और अपने कार्यकाल की उपलब्धियां तथा भविष्य की योजनाएं गिनवा रहे हैं। वहीं चुनाव प्रक्रिया को लेकर कुछ आपत्तियां भी सामने आई हैं। पूर्व महासचिव कुलविंदर सिंह ने जिला रजिस्ट्रार कार्यालय को पत्र लिखकर चुनाव निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि 2023 के चुनाव के बाद भर्ती हुए कर्मचारियों को वोटर लिस्ट में नहीं जोड़ा गया, जोकि गलत है।