कुरुक्षेत्र। जिले में डेंगू का डंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ गई है। सोमवार को नौ लोगों की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। डेंगू के अधिकतर मामले शहरी क्षेत्र से मिल रहे हैं।
विभाग की टीम ने शहर के वशिष्ठ नगर और साधु मंडी में अभियान चलाया। अभियान के तहत टीम ने कुल 134 डेंगू संदिग्ध व बुखार से पीड़ित लोगों के रक्त के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। इसमें नौ लोगों की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई। डेंगू के मामले मिलने पर टीम ने इन जगह पर फॉगिंग शुरू कर दी। अब तक जिले में डेंगू के 96 मामले दर्ज हो चुके हैं। विभाग की ओर से डेंगू मरीजों को उपचार दिया जा रहा है।
इन जगह पर टीम ने 9,026 घरों समेत पानी जमा होने के विभिन्न 52,682 स्त्रोत की जांच की। इसमें 12-12 जगह से डेंगू का लारवा बरामद हुआ। टीम ने दूसरी बार घर से लारवा मिलने पर छह लोगों को नोटिस दिया है। विभाग की मच्छरों की डेंसिटी (घनत्व) ज्यादा होने वाले जगह पर अभियान चला रही है। दो सप्ताह पूर्व कीट संग्रह और वैज्ञानिक टीम ने शहर में ज्यादा मच्छर वाली जगहों का जायजा लिया था।
बाक्स
अब तक 1179 लोगों की हुई जांच
विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 1179 डेंगू संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए जा चुके, जिसमें 96 लोग की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव पाई गई है। टीम कुल 11,44,643 घर और पानी के जमा होने के 37,92,740 स्रोत की जांच कर चुकी है, जिसमें घर व अन्य जगहों पर डेंगू का 3,369 लारवा मिला है। दोबारा लारवा मिलने पर विभाग ने 972 लोगों को नोटिस थमाया है।
बाक्स
शहर में मिल रहे अधिकतर मामले : डॉ. प्रदीप कुमार
जिला मलेरिया एवं सर्वेक्षण अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि विभाग मच्छर, लारवा और डेंगू के मामले पर नजर रखे हुए हैं। डेंगू पॉजिटिव रोगी को स्थिति के अनुसार उपचार दिया जा रहा है। डेंगू के 96 मामले में से 65 मरीज रिकवर हो चुके हैं। शहरी क्षेत्र से डेंगू के ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। इसलिए विभाग शहरी क्षेत्र पर ज्यादा नजर रखे हुए हैं। मच्छर वाली जगह पर फॉगिंग कराई जा रही है।