कुरुक्षेत्र। मृतका शरणदीर कौर। फाइल फोटो
कुरुक्षेत्र। करवा चौथ मनाकर मायके से पति के साथ बाइक पर सवार होकर ससुराल लौट रही नवविवाहिता की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उसके पति को मामूली चोट आई है। गुहला-चीका रोड पर तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे महिला उछल कर नीचे गिर गई और कैंटर का पहिया उसे कुचलते हुए आगे निकल गया।
घटना रविवार रात करीब सवा आठ बजे पिहोवा के बाखली गांव के पास गुहला-चीका रोड पर हुई। मृतका की पहचान टाली फार्म निवासी शरणजीत कौर (24) के रूप में हुई है। चार माह पहले ही उसकी शादी संदीप सिंह (29) से हुई थी। वह बाइक रिपेयरिंग का काम करता है। संदीप ने बताया कि वे पत्नी के साथ बाइक पर गांव आ रहे थे। अचानक पीछे से आ रहे कैंटर के चालक ने लापरवाही से ओवरटेक करने की कोशिश की और साइड से जोरदार टक्कर मार दी जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और दोनों सड़क पर गिर पड़े।
कैंटर का पिछला पहिया शरणजीत की टांग पर चढ़ गया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। संदीप को हाथ और पैर पर मामूली चोटें लगीं। आसपास के ग्रामीणों ने घायलों को पिहोवा के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकाें ने शरणजीत की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। संदीप को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
आरोपी चालक शिव कुमार ने हादसे के बाद एक बार पीड़ितों की ओर देखा और फिर कैंटर छोड़ मौके से भाग गया। थाना सदर पिहोवा पुलिस ने संदीप के बयान पर शिव कुमार के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि वाहन जब्त कर जांच व आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।