शाहाबाद। बराड़ा रोड पर जंगल एरिया में लगभग आठ अक्तूबर को मिली पांच से सात दिन की नवजात बच्ची को उपचार के बाद शिशु गृह पंचकुला भेज दिया गया है। फिलहाल उसके माता-पिता का कोई पता नहीं चल पाया है।
बाल कल्याण समिति कुरुक्षेत्र के चेयरमैन राजीव कुमार ने कहा कि निजी अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार नवजात बच्ची का समुचित उपचार किया गया और अब बच्ची पूर्ण रूप से स्वस्थ है। बच्ची के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसकी उचित देखभाल, सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बाल कल्याण समिति द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की गई। बाल कल्याण समिति ने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम (जेजे एक्ट) के प्रावधानों के तहत नवजात बच्ची को शिशु गृह पंचकूला भेजने का निर्णय लिया ताकि बच्ची को सुरक्षित वातावरण में उचित देखभाल एवं संरक्षण मिल सके। इस मौके पर सीडब्लयूसी सदस्य सोनिया कौशिक, नीलम सैनी, मंजुला गोयल, सौरभ बठला आदि मौजूद रहे।