शिरोमणि अकाली दल हरियाणा महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष बीबी रविंद्र कौर अजराना ने कहा कि फतेहाबाद की घटना के बाद हरियाणा सरकार का असली चेहरा लोगों के सामने आ गया है।
भाजपा सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा दे रही है, दूसरी ओर हरियाणा के वरिष्ठ मंत्री महिला आईपीएस को सरेआम बेइज्जत करते हैं। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ के साथ ही अब सरकार ने बेटी धमकाओ का नारा बुलंद करना शुरू कर दिया है।
बीबी रविंद्र कौर सेक्टर-3 में स्थित आवास पर पत्रकारों बात कर रही थीं। उन्होंने कहा कि इस घटना की चौतरफा हो रही निंदा से स्पष्ट है कि सरकार का फैसला अन्यायपूर्ण है। किसी अधिकारी का तबादला करना भले ही सरकार के अधिकार क्षेत्र में है, लेकिन इस कदर किसी अधिकारी को जलील करने से अन्य अधिकारियों का मनोबल टूटेगा।
एक गलती के लिए किसी अधिकारी को दोहरी सजा हरगिज नहीं दी जा सकती। ऐसी सजा देने से पहले अधिकारी के कार्यकाल में उसकी उपलब्धियों को भी देखना चाहिए। संगीता कालिया की छवि एक ईमानदार ऑफिसर की है।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार को खुद को निष्पक्ष साबित करना है, तो उसे संगीता कालिया द्वारा लगाए गए आरोपों की भी उच्च स्तरीय जांच करानी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि एक मंत्री द्वारा गैर जिम्मेदार हरकत करने पर हरियाणा सरकार को उसे तुरंत प्रभाव से बर्खास्त कर देना चाहिए। राष्ट्रपति से भी मांग की है कि यदि हरियाणा सरकार अपने कर्तव्य की पूर्ति नहीं करती, तो उसे भी तुरंत बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए।
इस अवसर पर महिला विंग की प्रदेश सचिव बीबी मनदीप कौर चीमा, जिलाध्यक्ष बीबी मनदीप कौर, संदीप कौर, कुलजिंद्र कौर, दीप कौर, हरप्रीत कौर आदि मौजूद रहे।