कुरुक्षेत्र। जोगना खेड़ा गांव में भाजपा नेता जगबीर सिंह के ताया लाभ सिंह की हत्या के मामले में आरोपी भतीजे सुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अपनी निगरानी में लाभ सिंह का पोस्टमार्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार करवाया।
पुलिस ने इस मामले में देर रात हरदीप के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की। सुरजीत सिंह ने रविवार दोपहर के समय परिवार में चाचा लाभ सिंह को मामूली कहासुनी के बाद फावड़ा सिर में मारकर निर्मम तरीके से मौत के घाट उतार दिया था। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सीन ऑफ क्राइम टीम की ओर से जांच व छानबीन की गई।
केयूके थाना प्रभारी विशाल कुमार ने बताया कि लाभ सिंह पारिवारिक लड़ाई में बीच-बचाव करने गए थे। इसी बात पर सुरजीत को गुस्सा आ गया और कहासुनी के दौरान लाभ सिंह पर फावड़े से हमला कर दिया।
पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक नरेश सैनी ने बताया कि लाभ सिंह का सिर बीच से फटा हुआ था और उनकी मौत सिर में लगी चोटों की वजह से मौके पर ही हो गई थी। वहीं उनके शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान मिले थे। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।