कुरुक्षेत्र। जिले के मथाना गांव में एक युवक को कनाडा भेजने के नाम पर ठगी का शिकार बनाया गया है। आरोपी पड़ोसी ने वर्क परमिट दिलाने का झांसा देकर पीड़ित से 8.5 लाख रुपये ऐंठ लिए। जब पैसे लौटाने की मांग की गई तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मथाना गांव निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाते हुए बताया कि उसके पड़ोसी राजिंदर ने खुद को पंजाब के मोहाली स्थित एक कंपनी से जुड़ा बताकर उसे कनाडा वर्क परमिट पर नौकरी दिलाने का लालच दिया। राजिंदर ने दावा किया कि वह पहले भी कई युवकों को कनाडा भेज चुका है और नौकरी लगवाने का पूरा इंतजाम कर देगा। शुरुआत में 12 लाख रुपये की मांग की गई लेकिन फिर बात 10 लाख पर तय हो गई। आधी रकम पहले और बाकी कनाडा पहुंचने पर देने का आश्वासन दिया गया।
राजेश ने राजिंदर को 50 हजार रुपये नकद दिए और अपना पासपोर्ट सौंप दिया। इसके बाद 2 जनवरी 2024 को फीस का फॉर्म कंपनी को भेजा गया जिससे राजेश का विश्वास बढ़ा। 5 जनवरी 2024 को राजिंदर ने राजेश से चेक के जरिये करीब आठ लाख रुपये आरटीजीएएस के माध्यम से कथित कंपनी के खाते में ट्रांसफर करवाए। इस तरह कुल 8.57 लाख रुपये ऐंठ लिए गए।
राजिंदर राजेश को दिल्ली ले गया, जहां 3 जून 2024 को मेडिकल टेस्ट कराया। फिर मोहाली के कथित ऑफिस में कागजों पर दस्तखत करवाए और वीजा जल्द जारी होने का भरोसा दिलाया। बाद में काम न मिलने की बात कही लेकिन पैसे लौटाने की गारंटी दी। कुछ दिनों बाद मोहाली से वीजा रसीद का फर्जी मैसेज भेजा और 10 दिनों में कनाडा रवाना होने का दावा किया लेकिन कई महीने बाद भी न वीजा मिला और न रुपये लौटाए।
जब राजेश ने रुपये वापस मांगे तो राजिंदर ने टाल-मटोल करना शुरू कर दिया। उसने कहा कि सारे रुपये कंपनी को दे दिए हैं। घर जाकर बात करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और पैसे-पासपोर्ट लौटाने से साफ इन्कार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। राजेश की शिकायत पर पुलिस ने राजिंदर के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक धमकी और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।