कुरुक्षेत्र। श्राद्ध पक्ष समाप्त होते ही जिलेभर में सोमवार को नवरात्र उत्सव की धूम रही। मां दुर्गा की आराधना के साथ-साथ लोगों ने खरीदारी की शुरुआत की। सोमवार को बाजारों में हलचल बढ़ी और दुकानदारों के चेहरे पर उत्साह झलकने लगा। पूजा सामग्री, कपड़ा, वाहन और खानपान से जुड़े सामान की अच्छी बिक्री देखने को मिली। हालांकि सराफा बाजार पर इस बार ज्यादा असर नहीं दिखा।
नवरात्र के पहले दिन सुबह से ही शहर की सड़कों और प्रमुख बाजारों में भीड़ देखने को मिली। महिलाएं व्रत के लिए फल, सूखे मेवे और अन्य खाद्य सामग्री खरीदने पहुंची। शृंगार सामग्री और सजावट के सामान की भी खास मांग रही। दुकानदारों का कहना है कि नवरात्र के साथ ही त्योहारी सीजन की शुरुआत हो चुकी है जिससे आने वाले दिनों में कारोबार और तेजी पकड़ेगा।
सोना-चांदी पर असर नहीं :सराफा बाजार एसोसिएशन के प्रधान मनोज गोयल ने कहा कि सोना-चांदी की खरीदारी पर नवरात्र का कोई खास असर नहीं पड़ा। जीएसटी की दरें वही हैं और सोने-चांदी की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। इसकी वजह से लोग आभूषण खरीदने से बच रहे हैं। शहर की लगभग 250 दुकानों पर रोजाना महज 15 से 20 लाख रुपये का ही कारोबार हो रहा है। कारोबारियों का कहना है कि फिलहाल त्योहारी सीजन में भी सोने-चांदी की बिक्री में तेजी नहीं दिख रही।
वाहन बाजार में 15 फीसदी बढ़ोतरी : ऑटोमोबाइल कारोबारी विशाल अग्रवाल ने कहा कि नवरात्र के पहले दिन दो और चार पहिया वाहनों की बिक्री में लगभग 15 प्रतिशत बढ़ोतरी दर्ज की गई। लोग इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर ज्यादा आकर्षित हुए।
उन्होंने बताया कि नवरात्र को शुभ मानते हुए लोग नई गाड़ियों की डिलीवरी लेना पसंद करते हैं। इससे ऑटोमोबाइल बाजार में रौनक लौट आई है। दीपावली के नजदीक यह रफ्तार और तेज होने की उम्मीद है।
त्योहारी सीजन में पूजा सामग्री की रहेगी मांग
जनरल स्टोर के संचालक सुरेश भंडारी ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन बिक्री उम्मीद के मुताबिक अधिक नहीं रही। हालांकि पूजन सामग्री जैसे कलश, नारियल, चुनरी और हवन सामग्री की बिक्री जरूर हुई। ग्राहकों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है और त्योहारी सीजन में अच्छे कारोबार की संभावना है। दशहरा और दीपावली तक व्यापार में इजाफा होने की उम्मीद है।
कपड़ा बाजार को 40 फीसदी बढ़ोतरी की उम्मीद
रेडीमेड कपड़ा विक्रेता अली सिद्दीकी ने कहा कि श्राद्ध पक्ष के चलते बीते 15 दिनों से बिक्री बेहद कम रही लेकिन नवरात्र के पहले दिन ग्राहकों ने नए कपड़े खरीदे। उन्होंने बताया कि कारोबार में 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शादी समारोह का सीजन भी शुरू होने वाला है जिससे ग्राहकों की संख्या और बढ़ेगी। पहले दिन करीब 25 ग्राहक उनकी दुकान पर पहुंचे।