शाहाबाद। रेलवे लाइन के पास अर्धनग्न मिले युवक की हत्या की जांच में नया मोड़ आया है। पुलिस ने मृतक की कार चंडीगढ़ के सेक्टर 44 से बरामद कर ली है।
जीआरपी ने शनिवार को कार अपने कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर कार से साक्ष्य एकत्र किए और कार से फिंगरप्रिंट भी लिए हैं। जीआरपी को आंशका है कि चंडीगढ़ के रहने वाले राजेश की हत्या उसकी इसी कार में ही की गई और शव को शाहाबाद फेंक दिया।
गत वीरवार सुबह गांव कलसाना के दंगल मैदान के पीछे रेलवे लाइन के किनारे शव मिला था। शव पर गर्दन के पास तेजधार हथियार से गहरे वार के निशान थे जिससे हत्या की पुष्टि हुई। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान चंडीगढ़ सेक्टर 44 निवासी राजेश के रूप में हुई। जीआरपी पुलिस ने परिजनों को सूचना दी जिन्होंने मौके पर पहुंचकर पहचान पुख्ता की। लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था लेकिन दूसरे दिन भी शव मोर्चरी में रखा रहा, क्योंकि उनका बेटा कनाडा में रहता है और परिजन उसके आने का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं परिवार के शव न ले जाने पर जिला पुलिस ने भी एहतियात के तौर पर मोर्चरी के बाहर पुलिस बल तैनात रखा। पुलिस के अनुसार शव मिलने वाली जगह शाहाबाद-अंबाला नेशनल हाईवे से जुड़ी सुनसान लिंक रोड पर है, जहां रात में धुंध के कारण आवाजाही कम रहती है। जांच में संकेत मिले कि हत्या कहीं और की गई और शव यहां फेंका गया है। कार की बरामदगी से पुलिस को प्रमुख सुराग मिला है। टीम कार में खून के निशान, फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
जीआरपी थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि यह आपसी रंजिश या अन्य कारणों से की गई सुनियोजित हत्या हो सकती है। आगे की जांच से हत्यारों का पता लगाने का प्रयास जारी है।