संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनिपला में शिक्षा विभाग की ओर से विकसित भारत बिल्डथॉन कार्यक्रम आयोजित किया गया। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों में नवाचार, अनुसंधान और समस्या समाधान की भावना विकसित करने के उद्देश्य से देशभर में विकसित भारत बिल्डथॉन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार कौशिक ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को सीखो और करके दिखाओ की दिशा में आगे बढ़ाने का अवसर देगी। इससे वे भविष्य के वैज्ञानिक, तकनीकी नवाचारक और उद्यमी बन सकेंगे। बिल्डथॉन न केवल शिक्षा प्रणाली को प्रयोगात्मक बनाएगा बल्कि आने वाले वर्षों में विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को सशक्त करेगा।
कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत, वोकल फाॅर लोकल और समृद्ध भारत जैसे विषयों पर अपने अभिनव विचार और मॉडल प्रस्तुत किए। लाइव इंटरएक्शन के माध्यम से बिल्डथॉन कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के बच्चे एक-दूसरे के विचारों से जुड़े और धर्मेंद्र प्रधान शिक्षा मंत्री केंद्र सरकार की ओर से तीन विभिन्न विद्यालयों के छात्रों से संवाद को ऑनलाइन सुना और देखा। बिल्डथॉन में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के विचारों का मूल्यांकन नवाचार, व्यवहारिकता, उपयोगिता और सामाजिक प्रभाव के आधार पर किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष 10, राज्य स्तर पर 100 और जिला स्तर पर 1000 विजेताओं का चयन किया जाएगा। विजेता टीमों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार राशि दी जाएगी। चयनित नवाचारों को विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में विकसित करने का अवसर भी दिया जाएगा।