संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। शहर में सोमवार को समाधान शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में 50 से ज्यादा फरियादी पहुंचे, जिनमें से 27 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। वहीं, बाकी शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। फरियादों को शिविर में घंटों तक पंजीकरण करवाने व लाइनों में लगे रहने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदेश सरकार की ओर से हर सोमवार व वीरवार को समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही सीएम विंडो, जनसंवाद व अन्य स्तर पर भी लोगों की समस्याओं की सुनवाई हो रही है, लेकिन समस्याएं कम नहीं हो पा रही है। कोई बार-बार चक्कर काटने को मजबूर है, तो किसी के दस्तावेजों को पूरा करने की प्रक्रिया ने पसीने छुड़वाए हुए हैं। समाधान शिविरों में भी लोगों की लाइनें कम नहीं हो पा रही है।
नागरिक सेवाओं से संबंधित 27 आवेदन व शिकायतें हुई प्राप्त : शिविर में सोमवार को पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन व डीडीपीओ विकास कुमार ने क्षेत्रवासियों की विभिन्न समस्याएं व शिकायतें सुनीं। संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीडीपीओ ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर के दौरान परिवार पहचान पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बिजली, पेयजल, राजस्व, नगर निकाय तथा अन्य नागरिक सेवाओं से संबंधित 27 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। संबंधित विभागों द्वारा इन मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए समाधान प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
कुरुक्षेत्र। धर्मवीर। संवाद
कुरुक्षेत्र। धर्मवीर। संवाद