कुरुक्षेत्र। बाढ़ से तबाही अभी भी जारी है। कहीं घर तो कहीं सड़कें ध्वस्त हो रही हैं। शाहाबाद के मोहनपुर गांव से ढकाला की ओर जाने वाली सड़क का करीब 150 फुट का हिस्सा पानी में बह गया। इससे आसपास के 18 से ज्यादा गांवों का संपर्क शाहाबाद से कट गया है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं शहर में स्थित एक चर्च की ऊपरी मंजिल की छत गिर गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जिला मुख्यालय से भी अभी तक अनेक गांवों का संपर्क बहाल नहीं हो पाया।
कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर से दबखेड़ी, नरकातारी, जोगनाखेड़ा, प्रतापगढ़, सिरसला सहित दर्जनों गांवों का आपसी संपर्क भी कटा हुआ है। यहां सड़कों पर दो से तीन फुट पानी अभी भी बह रहा है। वहीं शाहाबाद के मोहनपुर-ढकाला रोड की हालत को देखकर लोग हैरान रह गए। अब शाहाबाद से मोहनपुर ढकाला व अजराना, सलपानी, सहित आसपास के गांवों का संपर्क कट चुका है। यहां पिछले सात दिन से पानी बह रहा था लेकिन अब हालात और ज्यादा गंभीर हो गए हैं।
अल सुबह फिर हुई बारिश, चर्च का हिस्सा गिरा
सोमवार को अलसुबह बारिश हुई, जिसके चलते शहर के रेलवे स्टेशन के समीप स्थित चर्च की ऊपरी मंजिल का एक हिस्सा गिर गया। हालांकि इससे बड़ा हादसा होने से बच गया लेकिन मलबे के नीचे दबने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
सरस्वती अभी भी ओवरफ्लो, दर्जनों जगह से टूटी पटरियां
हालातों की बात करें तो सरस्वती नदी में पानी कुछ कम हुआ है, लेकिन अभी भी ओवरफ्लो बह रही है, जिसके चलते आसपास के क्षेत्र फिलहाल जलमग्न हैं। डीडी कॉलोनी, राणा कॉलोनी, सरस्वती कॉलोनी, खेड़ी मारकंडा, कुबेर कॉलोनी कामरेड कॉलोनी सहित आधा दर्जन से ज्यादा कॉलोनियों में कई-कई फुट जलभराव है।