कुरुक्षेत्र। अमेरिका भेजने के नाम पर 84.48 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने पंजाब के एक एजेंट को नामजद किया है। आरोपी ने 32 लाख रुपये में प्रति व्यक्ति अमेरिका भेजना का आश्वासन दिया था, मगर आरोपी युवकों को दिल्ली एयरपोर्ट से वापस ले आया।
थाना शहर थानेसर में दर्ज शिकायत में बलवान सिंह निवासी पलवल ने बताया कि आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ केविन निवासी नकोदर जिला जालंधर से उसकी पहले से जान-पहचान थी। आरोपी ने उसे बताया था कि वह युवकों को विदेश भेजने का काम करता था। वह एक ग्रुप बनाकर उसके रिश्तेदार और जानने वालों को अमेरिका भेज देगा। इस काम के लिए वह प्रत्येक से 32 लाख रुपये लेगा। उसने अन्य कई युवकों को भी आरोपी के माध्यम से अमेरिका भेजने की जिम्मेदारी ले ली। इस एवज में आरोपी ने उससे 80 लाख रुपये लिए और जल्द ही भेजने का आश्वासन दिया। आरोपी ने किसी भी युवक को बाहर नहीं भेजा, बल्कि उनको दिल्ली एयरपोर्ट पर घुमाकर वापस ले आया। कुछ दिन बाद आरोपी ने उससे पांच लाख रुपये मांगे तो उसने चार फरवरी को 4.48 लाख रुपये आरोपी के खाते में डाल दिए। उसके बाद आरोपी टालमटोल करता रहा। जब उसने अपने रुपये मांगे तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद