कुरुक्षेत्र। श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया है। विश्वविद्यालय परिसर में 1.40 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इस थियेटर के शुरू होते ही मरीजों को जनरल सर्जरी, नेत्र चिकित्सा और प्रसव संबंधी उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान और कुलसचिव प्रो. ब्रिजेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को ओटी का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह ओटी आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा पद्धति का बेहतरीन समन्वय है, जो रोगियों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ओटी को जल्द शुरू करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
निरीक्षण के दौरान आयुर्वेदिक अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. वैद्य राजेंद्र सिंह चौधरी, प्रसूति विशेषज्ञ वैद्य सुनीति तंवर, एलएनजेपी अस्पताल से डॉ. गुरप्रीत सिंह, बायोमेडिकल इंजीनियर विनोद, प्रेम कुमार सहित अन्य तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहे। टीम ने ओटी की डिजाइन, वेंटिलेशन सिस्टम, उपकरणों की इंस्टॉलेशन और सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की।
उपकरण आते ही ओटी सेवाएं होंगी शुरू
आयुर्वेदिक अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. वैद्य राजेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि ऑपरेशन थियेटर में प्रयोग होने वाले उपकरणों की खरीद प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उपकरण आते ही ओटी सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य है कि रोगियों को बिना बड़े शहरों में जाए, सभी जरूरी शल्य चिकित्सा सुविधाएं यहीं पर उपलब्ध कराई जा सकें। यह पहल आयुष चिकित्सा प्रणाली की कार्यक्षमता और स्वीकार्यता को नया आयाम देगी।