संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। दामली गांव के पास मारकंडा नदी के टूटे तटबंद के समीप विधायक रामकरण काला व पार्षद जगतार तारा ने दो युवकों को डूबने से बचा लिया। गांव के समीप विधायक व पार्षद ट्रैक्टर पर सवार होकर टूटे तटबंध का जायजा लेने जा रहे थे। इसी बीच अचानक बाइक सवार दो युवक गहरे पानी में डूबते दिखाई दिए। इस पर विधायक व पार्षद ने तत्काल छलांग लगाई और उन्हें पानी से निकाल लिया, जिसके बाद उनके पेट से पानी भी निकाला गया। युवकों की पहचान दामली के ही प्रताप व कश्मीर सिंह के तौर पर हुई। वहीं रात करीब नौ बजे डीसी भी टूटे तटबंध का जायजा लेने पहुंचे, जहां बताया कि सुबह होते ही तटबंध को दुरूस्त करने का काम शुरू करवा दिया जाएगा।
मारकंडा का टूटा किनारा, नरवाना ब्रांच ने बचाए कई गांव
झांसा। गांव झांसा के समीप देर रात मारकंडा का किनारा टूट गया, लेकिन गनीमत रही यह नरवाना ब्रांच की ओर टूटा, जिसके चलते पूरा पानी नरवाना ब्रांच में बहने लगा। हालांकि एक बार खतरा बन गया था कि मारकंडा नदी का किनारा टूटने से झांसा व आसपास के गांवों में बाढ़ का खतरा बन सकता है, लेकिन लोगों ने उस समय राहत की सांस ली जब यह पानी नरवाना ब्रांच में बहने लगा। सूचना मिलने पर एसडीएम पिहोवा सोनू राम व एसचओ प्रदीप कुमार भी पहुंचे और जायजा लिया। वहीं रात करीब दस बजे गांव झांसा में भी अलर्ट रहने को लेकर मुनादी कराई गई।