इस्माईलाबाद। कृषि विभाग की ओर से खेतीबाड़ी में इस्तेमाल होने वाली दवाइयों में मिलावट रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत कृषि विभाग के अधिकारियों की ओर से निजी होटल में कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इसकी अध्यक्षता गुणवत्ता अधिकारी शशिपाल शर्मा ने की। उन्होंने सभी दुकानदारों से आह्वान किया कि कोई भी दुकानदार किसी भी किसान को नकली दवा न दे। अगर कोई दुकानदार ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसानों को उच्च गुणवत्ता की दवा मुहैया करवाना कृषि विभाग की जिम्मेदारी है। कृषि विभाग द्वारा मौके पर ही दुकानदारों के लाइसेंस व स्टॉक रजिस्टर का पंजीकरण भी किया गया। कृषि विभाग के एसडीओ मनीष वत्स ने कहा कि कोई भी दुकानदार किसान को यूरिया खाद के साथ जबरन दवाई लेने के लिए बाध्य न करे। कोई ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इस मौके पर अनिल चौहान, सुखबीर सिंह, संदीप कंसल, जोधराज, सपन बंसल, रिंपी, ऋषि गुप्ता, संजीव रहेजा, विकास शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।